
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बलरामपुर जिले की प्रमुख कन्हर नदी उफान पर पहुंच गई है। रामानुजगंज स्थित एनीकट के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है लेकिन तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद अब नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। रामानुजगंज की जीवनदायिनी मानी जाने वाली कन्हर नदी इन दिनों पूरे वेग के साथ बह रही है। नदी में पानी की आवक बढ़ने से एनीकट पूरी तरह लबालब हो गया है और उसके ऊपर से लगातार पानी ओवरफ्लो हो रहा है। तेज बहाव के कारण नदी का दृश्य आकर्षक होने के साथ-साथ खतरनाक भी बन गया है।
जानकारी के अनुसार, कन्हर नदी के जलग्रहण क्षेत्र और ऊपरी पहाड़ी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश हुई है। इसका सीधा असर नदी के जलस्तर पर पड़ा है। पहाड़ों से लगातार पानी आने के कारण नदी का बहाव तेज हो गया है और एनीकट के ऊपर से कई फीट तक पानी बहता नजर आ रहा है।
कन्हर नदी बलरामपुर जिले की प्रमुख नदियों में शामिल है। इसका उद्गम जशपुर जिले के खुड़िया पठार से होता है। आगे चलकर यह झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा के समानांतर बहती है और कई स्थानों पर दोनों राज्यों की प्राकृतिक सीमा का निर्धारण भी करती है। बारिश के दिनों में यह नदी हर साल अपने उफान के लिए जानी जाती है।
इसे भी पढ़ें……..
स्मार्ट सिटी परिसर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या-आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच जारी
