
सरगुजा। जिले के बतौली क्षेत्र में अचानक बदले मौसम ने किसानों पर कहर बरपा दिया। ग्राम पंचायत गोविंदपुर में तेज गर्जना के साथ गिरी आकाशीय बिजली से 16 मवेशियों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि प्रभावित किसान सदमे में हैं। राहत की बात यह रही कि आसपास मौजूद ग्रामीण सुरक्षित बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर में अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गर्जना के बीच बिजली गिरने से पेड़ के नीचे खड़े 14 बकरा-बकरी और 2 बैलों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में गोविंदपुर निवासी मनीराम के एक जोड़ी बैल, आनंद कुजूर के 9 बकरा-बकरी और मदन के 5 बकरा-बकरी की जान चली गई। पशुओं की मौत से किसानों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। खासकर बैलों के मरने से खेती-किसानी पर सीधा असर पड़ा है, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई है और प्रशासन से मुआवजे की मांग की जा रही है।
इसे भी पढ़ें…….
हजारीबाग में दंपती पर फायरिंग: पत्नी की मौत, पति घायल; परिजनों ने पति पर ही जताया शक

