
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव टाटीसिल्वे स्थित मिलिट्री डेयरी फार्म के मैदान में पड़ा हुआ पाया गया।
युवक की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक की शिनाख्त रांची के कैलाश नगर निवासी जितेंद्र तिवारी के पुत्र अभिजीत तिवारी के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार की सुबह जब स्थानीय लोग मिलिट्री डेयरी फार्म के पास से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर मैदान में पड़े एक युवक के शव पर पड़ी।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना टाटीसिल्वे थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटनास्थल के हालात को देखते हुए स्थानीय लोगों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। मृतक की शरीर पर जख्मों के कई निशान हैं।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की हत्या कहीं और करके शव को यहां फेंका गया है या वारदात इसी स्थान पर हुई है। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस मृतक के पिता और परिजनों से उसके बारे में जानकारी लेने का प्रयास कर रही है।
यह पता लगाया जा रहा है कि युवक की किसी से रंजिश तो नहीं थी। फिलहाल, पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें……
कोडरमा में हाथियों ने युवक को पटक-पटक कर मार डाला, आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग किया जाम





