
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के रामानुजगंज में वैशाख कृष्णपक्ष सप्तमी के अवसर पर बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा आस्था और उल्लास के साथ निकाली गई। गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और जयघोष के बीच निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
रामानुजगंज स्थित कन्हर नदी तट के प्राचीन श्री राम मंदिर से गुरुवार को दोपहर तीन बजे बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा विधिवत पूजा-अर्चना और आकर्षक श्रृंगार के साथ प्रारंभ की गई। आयोजन समिति “श्याम कराने वाले श्याम” के तत्वावधान में निकली इस यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।
निशान यात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए देर शाम रानी सती मंदिर में जाकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान बाबा का सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए पूरे मार्ग में चलते रहे।
इस दौरान नगर के सैकड़ों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए और भक्ति भाव में लीन नजर आए। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ रही। रामानुजगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू अपने दल-बल के साथ मौके पर तैनात रहे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
उल्लेखनीय है कि, यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि नगर में सामाजिक समरसता और उत्साह का भी संदेश दे गया।
इसे भी पढ़ें…….
केरल के खूबसूरत नजारों के बीच 65 एकड़ में फैला अनोखा डेस्टिनेशन, जहां मिलती है ‘जटायु’ की कहानी

