
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरी में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच तथा वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत त्रिपुरी में लगभग 3.5 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई।
सूत्रों के मुताबिक, यह खेती लंबे समय से किए जाने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दूसरे राज्य के एक व्यक्ति द्वारा जमीन को लीज पर लेकर जमीन मालिक को फूलों की खेती करने की बात कही गई थी, लेकिन उसी आड़ में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी।
मौके पर पहुंची टीम द्वारा खेत का निरीक्षण किया जा रहा है और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध खेती में किन-किन लोगों की संलिप्तता है।
उल्लेखनीय है कि, हाल ही में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की खेती को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद सामने आया था, जिसके बाद पूरे प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। ऐसे में बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से सामने आया यह मामला एक बार फिर प्रदेश में अवैध अफीम खेती को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस अवैध खेती के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस संबंध में जिले के एडिशनल एसपी विश्वदीपक त्रिपाठी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें………
पॉलिटेक्निक कॉलेज और मोबाइल दुकान में चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

