
बलरामपुर। झारखंड के लातेहार जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने बलरामपुर जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है। महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में हुई इस भीषण दुर्घटना में अब मृतकों की संख्या छह हो गई है। हादसे में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत की पुष्टि हुई है। प्रशासन के अनुसार, छठवां मृतक पुरुष है और वह भी बलरामपुर जिले का ही निवासी है, हालांकि फिलहाल उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। इस हादसे में 60 से अधिक लोग घायल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
आपको बता दें, झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा घाटी में रविवार को हुई भीषण बस दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। शुरुआती तौर पर पांच लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल एक पुरुष यात्री ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
लातेहार पुलिस एवं प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान शांति देवी (45), प्रेमा देवी (35), सीता देवी (40) और सोनमती देवी (42) के रूप में हुई है। वहीं सुखना भुइयां (40) की भी मौत घटनास्थल पर हुई थी। छठवां मृतक एक पुरुष है, जो बलरामपुर जिले का निवासी बताया गया है, लेकिन प्रशासन ने उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
हादसे में 60 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 32 घायलों को गंभीर हालत में रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है। जरूरत पड़ने पर और घायलों को भी रिम्स भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बस में लगभग 85 लोग सवार थे, जो बलरामपुर जिले से झारखंड के लातेहार जिले के लोध गांव में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ओरसा घाटी के खतरनाक ढलान पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस में सवार लगभग सभी यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी विपिन कुमार दुबे के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस और स्थानीय वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया तथा बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। इधर, घटना की खबर मिलते ही बलरामपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ये भी पढ़िए…….
बच्चा चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 बच्चे बरामद, 13 गिरफ्तार
