
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। बीते शुक्रवार को दिनभर घने कोहरे की चादर में लिपटे रहे बलरामपुर जिले को शनिवार को मौसम ने कुछ राहत दी। सुबह तक जहां कोहरा छाया रहा, वहीं दोपहर होते-होते आसमान साफ हुआ और धूप निकल आई। धूप खिलते ही शीतलहर से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली और जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होता नजर आया।
दरअसल, बलरामपुर जिले में मौसम के मिजाज में शनिवार को हल्का बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार को हालात ऐसे रहे कि पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हो सके और घना कोहरा व शीतलहर जनजीवन पर भारी पड़े रहे। कड़ाके की ठंड से लोग और पशु तक अलाव का सहारा लेने को मजबूर नजर आए थे।
शनिवार सुबह भी जिले में कोहरे का असर बना रहा। सड़कों और नदी-नालों के आसपास दृश्यता कम रही, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि जैसे-जैसे दोपहर हुई, कोहरा धीरे-धीरे छंटने लगा और धूप निकल आई। धूप खिलते ही तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई, जिससे लोगों को शीतलहर से कुछ हद तक राहत मिली।
धूप निकलने के बाद शहरों और गांवों में लोग अपने घरों के बाहर, दुकानों के सामने और खुले स्थानों पर धूप सेंकते नजर आए। बुजुर्गों और बच्चों के चेहरे पर खास तौर पर राहत दिखी। शुक्रवार को जहां अलाव ही एकमात्र सहारा बना हुआ था, वहीं शनिवार को लोग धूप का आनंद लेते दिखाई दिए।
मौसम विभाग के अनुसार, अभी सुबह और रात के समय ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, लेकिन दिन में धूप निकलने से राहत मिलने की संभावना है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से ठंड को देखते हुए सतर्कता बरतने, गर्म कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
ये भी पढ़िए…….
घने कोहरे और शीतलहर से जनजीवन बेहाल, ठंड से बचने अलाव तापते दिखे लोग

