बलरामपुर, विष्णु पांडेय। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज को नगर पंचायत से नगर पालिका बनाने की अधिसूचना जारी हो गई है। अधिसूचना के अनुसार रामानुजगंज नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही प्रस्तावित नगर पालिका की सीमाएं होंगी। इधर, पूरे रामानुजगंज में खुशी का माहौल है। नगरवासी आतिशबाजी की और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
आपको बता दें, नगर पंचायत रामानुजगंज प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पंचायत है। रामानुजगंज को वर्ष 1942 में नगर पालिका का दर्जा दिया गया था। वर्ष 1993 तक यह नगर पालिका रहा। तत्कालीन मध्यप्रदेश सरकार ने 73वें संशोधन में कम आबादी के कारण रामानुजगंज को नगर पालिका से नगर पंचायत बना दिया था।
रामानुजगंज को नगर पालिका बनने से लोगों में अनेक सकारात्मक बदलाव की उम्मीदें हैं। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, बिजली, पानी और स्वच्छता के स्तर में सुधार आएगा। साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। रामानुजगंज के निवासियों को इस निर्णय से व्यापक उम्मीदें हैं, और वे मानते हैं कि उनके क्षेत्र का अब समग्र विकास होगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष केशरी ने बताया कि रामानुजगंज नगर पंचायत सन् 1942 से ही नगर पालिका था। मध्य प्रदेश सरकार में इसे डिमोशन कर नगर पंचायत बना दिया गया था आज भाजपा सरकार के द्वारा पुनः रामानुजगंज को नगर पालिका का दर्जा मिला। आने वाले समय में रामानुजगंज में चहुंओर विकास होगी।
भाजपा नेता पवन गुप्ता ने कहा कि पूर्व में रामानुजगंज नगर पालिका को नगर पंचायत बनाया गया था। विष्णुदेव सरकार में रामानुजगंज को पुनः नगर पालिका का दर्जा मिला। जिससे हमलोग आतिशबाजी कर मिठाई बांट रहे है। नगर पंचायत अध्यक्ष रामन अग्रवाल एवं समस्त वार्ड पार्षदों की मांग पर पुनः नगर पालिका को नगर पालिका बनाया गया है।
ये भी पढ़िए……
नेतरहाट स्कूल का प्रशासी पदाधिकारी 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार