बलरामपुर, विष्णु पाण्डेय। नगरीय निकाय चुनाव प्रक्रिया के तहत आगामी 11 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर बलरामपुर जिले में प्रचार अभियान अपने चरम पर पंहुच गया है। चुनावी मैदान में ताल ठाेक रहे पार्षद एवं अध्यक्ष के उम्मीदवार प्रचार अभियांन में जमकर पसीना बहा रहे हैं, और अहले सुबह से लेकर देर रात तक ढोल-नगाड़े के साथ प्रचार कर रहे हैं। वहीं पूरा शहर चुनावी बैनर, पोस्टर व पाम्प्लेट से पट गया है। निर्दलीय उम्मीदवार भी प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। नगरीय निकाय चुनाव में मतदान के दाे दिन पहले अर्थात 9 फरवरी को प्रचार अभियान थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर बिना शोर के प्रचार करेंगे।
उल्लेखनीय है कि, इस चुनाव में वार्डों में प्रचार करने पार्षदों के लिए पर्याप्त समय है, वहीं अध्यक्ष प्रत्याशियों को प्रचार अभियान में रात-दिन एक करना पड़ रहा है, क्योंकि अध्यक्ष प्रत्याशियों को जिले के सभी वार्डों तक पहुंचकर समर्थन जुटाना है। प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा एवं कांग्रेस प्रत्याशियों के पोस्टर और झंडा लगाने में पूरा दम दिखा रहे हैं। मुख्य मार्गों पर सड़क के दोनों ओर झंडे ही झंडे नजर आ रहा है। जिस जगह पर भाजपा का झंडा तो उस जगह पर कांग्रेसी भी अपना झंडा लगाने से नहीं चूक रहे हैं। कुल मिलाकर अब पूरा जिला चुनावी रंग में रंग गया है।
हालांकि बाकी बचे अंतिम दाे दिनों में प्रचार अभियान और जोर पकड़ेगा, क्योंकि प्रचार के लिए अब मात्र दाे दिन का ही समय शेष रह गया है। चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशी जनता से वादा कर रहे हैं। साथ ही एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगा रहे हैं। वहीं कई वार्डों में पार्षदों के कार्यों को भी सामने रखकर जनता से समर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। कुल मिलाकर सभी उम्मीदवार अपने-अपने पक्ष में मतदाताओं को रिझाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।
ये भी पढ़िए………..