पलामू। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बैरिया में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की हत्या कर दी गयी। महिला आठ माह की गर्भवती थी। घटना के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति, सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। मृतका की पहचान बैरिया निवासी प्रिया दुबे (28) पति मणिकांत तिवारी के रूप में हुई है। एमआरएमसीएच में महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
जानकारी के अनुसार प्रिया की शादी 21 अप्रैल 2024 को हुई थी। मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि गुरुवार रात 8 बजे सूचना मिली कि प्रिया दुबे के साथ उसके ससुराल पक्ष के लोगों का विवाद हुआ है। बैरिया पहुंचे तो घर पर हंगामा हो रहा था। प्रिया को घर (मायके) ले जाना चाहते थे, लेकिन उसके ससुराल वाले लिखित देकर परमानेंट भेजने की बात कह रहे थे। थाना जाकर लिखित देने की बात कहने पर कोई तैयार नहीं हुआ। इस बीच शुक्रवार तड़के तीन बजे तक किसी तरह समझा कर मायके पक्ष के लोग लौट गए।
शुक्रवार सुबह 9 बजे सूचना दी गई की प्रिया के साथ घटना हो गई है। घर पर जाकर पुनः देखा तो प्रिया का शव साड़ी के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि प्रिया की शादी के बाद से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उसकी गला दबाकर हत्या की गई और फिर उसके शव को फंदे से टांग दिया गया, ताकि खुदकुशी साबित हो जाए।
एमआरएमसीएच में भिड़े मायके-ससुराल पक्ष
एमआरएमसीएच में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोग भिड़ गए। विवाद उस समय हुआ, जब मायके पक्ष के लोग ससुराल पक्ष के पति, सास-ससुर एवं अन्य लोगों को देखकर अपना आपा खो दिए। मारपीट पर उतारू हो गए। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्ष को अलग अलग किया और मायके पक्ष से पति, सास-ससुर को थाना भेज दिया।
अक्सर दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित
मृतका कीे बहन के पुत्र एवं बहनोई ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रिया को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करते थे। चांदी के बर्तन, नगद एक लाख, अंगूठी, चेन एवं अन्य सामान की मांग की जाती थी। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार तड़के तीन बजे के बाद प्रिया की हत्या की गयी है।
ये भी पढ़िए……..
ठेकेदार के अहाते में सेप्टिक टैंक में मिला तीन दिन से लापता पत्रकार का शव