
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। झारखंड के लातेहार जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे बलरामपुर जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है। महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में रविवार को हुई दर्दनाक बस दुर्घटना में अब मृतकों की संख्या बढ़कर दस हो गई है। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासी हैं। हादसे में 60 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है, वहीं इस हादसे ने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है।
जानकारी अनुसार, झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा घाटी में रविवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर खतरनाक ढलान पर पलट गई। बस में लगभग 85 यात्री सवार थे, जो छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से झारखंड के लातेहार जिले के लोध गांव में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। घाटी के तीखे मोड़ और ढलान पर बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बस में सवार लगभग सभी यात्री घायल हो गए।
शुरुआत में पांच यात्रियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य यात्रियों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अलग-अलग अस्पतालों में पांच और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर दस हो गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी विपिन कुमार दुबे के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस एवं स्थानीय वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
हादसे में 60 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 32 घायलों को गंभीर हालत में रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज लातेहार, गुमला और आसपास के स्थानीय अस्पतालों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है। जरूरत पड़ने पर और घायलों को भी रिम्स भेजने की तैयारी की जा रही है।
मृतकों का विवरण
हादसे में जान गंवाने वालों में (1) सीतापति देवी, निवासी पिपरसोत, बलरामपुर, (2) प्रेमा देवी, बलरामपुर जिला, (3) रेशन्ती चेरवा, बलरामपुर जिला, (4) सूखना भुइयां, बलरामपुर जिला, (5) विजय नगेसिया, बलरामपुर जिला, (6) सोनमती, बलरामपुर जिला शामिल हैं। वहीं इलाज के दौरान (7) लीलावती सोनवानी, निवासी महराजगंज, बलरामपुर की लातेहार अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा (8) रमेश मणिका, बलरामपुर जिला की गुमला चिकित्सालय में, (9) फगुआ राम, बलरामपुर जिला की गुमला जिला चिकित्सालय में तथा (10) परशु राम सोनवानी, निवासी पुराना कलेक्ट्रेट के बगल, बलरामपुर की मिशन अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान मृत्यु हुई। उक्त सूची सामरीपाठ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह द्वारा उपलब्ध कराई गई है।
जांच के आदेश, शोक की लहर
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, घटना की खबर मिलते ही बलरामपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिला प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
कैबिनेट मंत्री नेताम ने कहा कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को समुचित एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपचार में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे।उन्होंने माँ महामाया से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
ये भी पढ़िए……………
