बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के रामानुजगंज में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन भरने के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने गाजे-बाजे के साथ नामांकन रैली निकाली। इसी दौरान भारी मात्रा में दोनों दलों के कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए। चुनावी मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशी दोनों दलों के समीकरण को बिगाड़ सकते है।
लगातार तीसरी बार पार्टी से मिला टिकट

भाजपा से रमन अग्रवाल ने तीसरी पारी के लिए रामानुजगंज नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा है। रमन 2015 से भाजपा के टिकट से लगातार दो बार अध्यक्ष रह चुके है। यह इनकी तीसरी पारी है। मंगलवार को रामानुजगंज के महामाया मंदिर में माथा टेकने के बाद गाजे बाजे और कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन दाखिल किए।
प्रतीक के यूटर्न के बाद मधु गुप्ता ने संभाला मोर्चा
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव प्रतीक सिंह को रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए टिकट का ऐलान किया था लेकिन प्रतीक ने कुछ कारणों से दावेदारी वापस ले ली। आनन-फानन में रामानुजगंज कांग्रेस कमेटी ने बैठक बुलाई। जिसमें आपसी सहमति से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मधु गुप्ता को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया। मंगलवार को मधु गुप्ता कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन दाखिल की।
दोनों दलों में कांटे की टक्कर, राहुलजीत सिंह बिगाड़ सकते है चुनावी समीकरण
जहां एक तरफ भाजपा ने दो बार के अध्यक्ष रमन अग्रवाल को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व तत्कालीन रामानुजगंज नगर पंचायत अध्यक्ष मधु गुप्ता को मैदान में उतारी है। आपको बता दें, मधु गुप्ता 2010 में रामानुजगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के टिकट चुनाव लड़ी थी और भारी मार्जिन के साथ जीत भी दर्ज की थी। इस बार भाजपा को कड़ी टक्कर देंगी। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी और सोशल मीडिया फेम राहुलजीत सिंह भी मैदान में उतरे है। लोगों का कहना है कि कांग्रेस और भाजपा की चुनावी समीकरण को राहुल बिगाड़ सकते है।
ये भी पढ़िए……
भीषण हादसा : महाकुम्भ जा रहे चार श्रद्धालुओं की मौत, पांच घायल