बलरामपुर, विष्णु पाण्डेय। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में चल रहा आंतरिक विवाद और गहराता जा रहा है। रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉ. अजय तिर्की ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए। डॉ. तिर्की ने कहा कि, पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हराने के लिए बृहस्पति सिंह ने भाजपा से करोड़ों रुपये लिए थे और भाजपा प्रत्याशी के प्रचार में भी शामिल हुए थे।
डॉ. तिर्की ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में प्रदेश सह प्रभारी जरिता मैडम संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। ऐसे समय में उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगाना न केवल अनुशासनहीनता है बल्कि महिला सम्मान के प्रति दुर्भावनापूर्ण दृष्टिकोण को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि बृहस्पति सिंह को सुर्खियों में बने रहने की आदत है, इसलिए वे अक्सर विवादित बयान देकर पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने महिला नेताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की हो। इससे पहले भी उन्होंने छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस प्रभारी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
डॉ. तिर्की ने आगे कहा कि विधायक रहते हुए बृहस्पति सिंह ने संगठन के साथ कभी तालमेल नहीं रखा और हमेशा व्यक्तिगत स्वार्थ को प्राथमिकता दी। उन्होंने बंगाली बसाहट क्षेत्र की जमीन को अवैध रूप से कब्जाने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस प्रत्याशी तिर्की ने बताया कि वे चार बार से कांग्रेस पार्टी से टिकट की मांग कर रहे थे और पांचवीं बार टिकट मिलने पर भी बृहस्पति सिंह ने उन्हें हराने की साजिश रची। उन्होंने कहा कि कुछ नेता व्यक्तिगत लाभ के लिए लगातार पार्टी को कमजोर करते रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह कांग्रेस से निष्कासित किए जा चुके हैं। पार्टी ने उनके अनुशासनहीन बयानों और संगठन विरोधी गतिविधियों के चलते यह कार्रवाई की है।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, मनोज दुबे, मोहन सिंह, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के राष्ट्रीय सचिव प्रतीक सिंह व्यास, मुनि यादव, अशोक गौड़, प्रमोद गोस्वामी और नीरज गुप्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़िए………….
Post Views: 1,111