
बलरामपुर, विष्णु पांडेय। जिले के रामानुजगंज वन वाटिका में लंबे समय बाद नौका विहार की शुरुआत के साथ क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने इसका शुभारंभ करते हुए किराए में बड़ी राहत की घोषणा भी की।
विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत रामानुजगंज वन वाटिका में रविवार शाम नौका विहार का विधिवत शुभारंभ कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, वन अमला और पुलिस बल मौजूद रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विकसित चिल्ड्रन पार्क की भी सौगात दी गई, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।
मंत्री नेताम ने कहा कि, विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार ही वास्तविक विकास है। उन्होंने युवाओं की मांग पर वन वाटिका में ओपन जिम स्थापित करने और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन दिया।

महिला समूह को मिला संचालन, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
नौका विहार का संचालन वन प्रबंधन समिति रामानुजगंज के अंतर्गत विश्वास महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जाएगा। मंत्री ने समूह की महिलाओं से संवाद कर संचालन की जानकारी ली और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने और आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
किराए में बड़ी राहत, अब परिवार को फायदा
शुभारंभ के मौके पर मोटरबोट के किराए में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया। पहले जहां प्रति व्यक्ति 100 रुपये (15 मिनट) शुल्क लिया जाता था, वहीं अब नई दरों के अनुसार, 3 लोग हों या 6, कुल किराया 300 रुपये (15 मिनट) इससे खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी। वहीं पैडल बोट और पतवार बोट का किराया पहले की तरह ही रहेगा, 50 रुपये प्रति व्यक्ति (15 मिनट)।
पर्यटन हब के रूप में विकसित होगी वन वाटिका
वन विभाग के अनुसार, आने वाले समय में यहां औषधीय वाटिका, पतंजलि वाटिका, कॉटेज और जिपलाइन जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। औषधीय वाटिका में लोगों को वन संपदा के औषधीय गुणों की जानकारी मिलेगी, जबकि पतंजलि वाटिका में व्यायाम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही परिसर में आकर्षक स्टैचू, बेहतर लाइटिंग और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे इसे राज्यस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
वाहनों की एंट्री बंद, पार्किंग की व्यवस्था
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब वन वाटिका के अंदर बाइक और कारों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। आगंतुकों को निर्धारित पार्किंग शेड में ही वाहन खड़े करने होंगे। एंट्री शुल्क भी निर्धारित किया गया है, बाइक के लिए 10 रुपये और कार के लिए 30 रुपये है।
सरहदी क्षेत्र से बढ़ेगी पर्यटकों की आवाजाही
झारखंड सीमा से लगे होने के कारण रामानुजगंज वन वाटिका पहले से ही आसपास के क्षेत्रों के लिए आकर्षण का केंद्र रही है। अब नौका विहार शुरू होने से यहां पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
250 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रहा पर्यटन केंद्र
वनमंडल के अधिकारियों के अनुसार, लगभग 250 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस इलाके में 5 एकड़ में वन वाटिका विकसित की गई है। वर्ष 2009 से इसका संचालन वन प्रबंधन समिति के माध्यम से किया जा रहा है, और अब इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर नई पहचान देने की तैयारी है।
उल्लेखनीय है कि, रामानुजगंज वन वाटिका में करीब एक दशक पूर्व नौका विहार का शुभारंभ हुआ था, लेकिन संचालन में अव्यवस्था के कारण इसे बंद करना पड़ा। कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने नवंबर 2023 के चुनावी मैनिफेस्टो में भी इस योजना का जिक्र किया था, जो अब लंबे इंतजार के बाद आखिरकार जमीन पर उतर गई है।
इसे भी पढ़ें………..
सूरजपुर : नशीले कैप्सूल के साथ पकड़ा गया आरोपित आबकारी कस्टडी से फरार, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

