रांची। राज्य में फरवरी माह में ही तापमान बढकर 36 डिग्री हो गया है। मंगलवार को सरायकेला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अभी फरवरी का महीना आधा भी खत्म नहीं हुआ है। देश भर में झारखंड की पहचान एक हरे भरे राज्य के रूप में होती है, लेकिन राज्य गठन के बाद से राज्य में वनों की तेजी से कटाई हो रही है।
गांव से लेकर शहरी इलाकों में भी सड़क, पुल और आवास निर्माण समेत अन्य जरूरी विकास कार्यों के लिए हर दिन हजारों पेड़ काटे जा रहे हैं, जिसका दुष्प्रभाव पर्यावरण पर पड़ रहा है और तापमान में बढोत्तरी हो रही है।
वहीं सरायकेला के बाद चाईबासा और डालटेनगंज में भी तापमान 33 डिग्री पहुंच गया है। दोनों शहरों में अधिकतम तापमान क्रमश: 33.8 और 33.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, राजधानी रांची की बात करें तो यहां सुबह में हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि रात में कनकनी है। हालांकि हवा नहीं चलने से ठंड में कमी आई है। मंगलवाार को रांची में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूतनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राज्य में जिन शहरों में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया है उनमें जमशेदपुर 32.2, बोकारो 31.1, गढ़वा 30.9 और गुमला 30.2 डिग्री सेल्सियस शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आनेवाले चार पांच दिनों तक मौसम साफ रहेगा। इससे अधिकतम तापमान में आंशिक बढोत्तरी होने की संभवना है।
ये भी पढ़िए……….